जालंधर (समाज वीकली) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष कुमारी मायावती ने हरियाणा के आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार की मौत के मामले का कड़ा नोटिस लिया है। उन्होंने कहा है कि हरियाणा प्रदेश में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वाई पूरन कुमार, जिनकी पत्नी भी स्वयं हरियाणा की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं, द्वारा जातिवादी शोषण व प्रताडऩा के कारण की गई आत्महत्या की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस संबंध में जारी बयान में कुमारी मायावती ने कहा कि हरियाणा सरकार लीपापोती करने की बजाय मामले को गंभीरता से ले। इस मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को सख्त सजा मिली चाहिए, ताकि सभ्य समाज को शर्मिंदा करने वाली ऐसी दर्दनाक घटनाएं दोबारा ना हों। उन्होंने कहा कि हरियाणा में एडीजीपी रैंक के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वाई पूरन कुमार ने जातिवादी शोषण व प्रताडऩा के कारण आत्महत्या की। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले को लेकर दलित व बहुजन समाज के लोगों में रोष है। यह घटना एक सभ्य सरकार के लिए शर्मनाक है और साबित करती है कि लाख दावों के बावजूद जातिवाद का दंश कितना अधिक शासन-प्रशासन में हावी है और सरकारें इसको रोक पाने में विफल साबित हो रही हैं। बसपा अध्यक्ष कुमारी मायावती ने कहा कि ऐसी घटनाओं से उन लोगों को जरूर सीख लेनी चाहिए, जो एससी, एसटी व ओबीसी आरक्षण को आर्थिक स्थिति से जोडक़र क्रीमी लेयर की बात करते हैं, क्योंकि धन व पद पाने के बावजूद जातिवाद उनका पीछा नहीं छोड़ता। हर स्तर पर जातिवादी शोषण, अत्याचार व उत्पीडऩ लगातार जारी रहता है, जिसकी ताजा उदाहरण हरियाणा की वर्तमान घटना है।
HOME आईपीएस की मौत के मामले में लीपापोती ना करे सरकार : मायावती



