के आर्मस्ट्रांग की हत्या के विरोध में बसपा का बड़ा प्रदर्शन,पंजाब में बसपा नेताओं की सुरक्षा को लेकर आप सरकार व पुलिस प्रशासन लापरवाह: गढ़ी

जालंधर(समाज वीकली) बहुजन समाज पार्टी के तमिलनाडु के प्रदेश अध्यक्ष के आर्मस्ट्रांग की हत्या के विरोध में आज जालंधर शहर में बसपा की ओर से तमिलनाडु सरकार के खिलाफ विशाल रोष मार्च व प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रदेश की कानून व्यवस्था, आप सरकार व इसकी ओर से संचालित पुलिस प्रशासन द्वारा बसपा नेताओं की सुरक्षा के मामले में भेदभाव वाले रवैये के विरोध में भी रोष व्यक्त किया गया। इस प्रदर्शन की अगुवाई बसपा के प्रदेश अध्यक्ष स. जसवीर सिंह गढ़ी, प्रदेश इंचार्ज डॉ. नछतर पाल व प्रजापति अजीत सिंह भैणी ने की।
दोनों सरकारों के खिलाफ यह रोष मार्च बूटा मंडी के डॉ. अंबेडकर पार्क से शुरू हुआ और बबरीक चौक से होता हुआ बाबू जगजीवन राम चौक पर जाकर समाप्त हुआ, जहां तमिलनाडु की डीएमके सरकार का पुतला फूंका गया। बसपा नेताओं व वर्करों की ओर से इस दौरान तमिलनाडु की सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और के आर्मस्ट्रांग के हत्यारों के लिए फांसी की मांग की गई। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए बसपा प्रदेश अध्यक्ष स. जसवीर सिंह गढ़ी, प्रदेश इंचार्ज डॉ. नछतर पाल, प्रजापति अजीत सिंह भैणी ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा करना हर सरकार की जिम्मेवारी होती है, लेकिन तमिलनाडु सरकार में कानून व्यवस्था की स्थिति इतनी खराब है कि वहां एक राष्ट्रीय पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की हत्या उनके घर के बाहर ही कर दी जाती है। उन्होंने कहा कि के आर्मस्ट्रांग पेशे से वकील थे और तमिलनाडु में दलित शोषित समाज की आवाज थे, जिनका साजिशन कत्ल किया गया। इस तरह की घटना को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इसे लेकर देशभर में बसपा वर्करों में गुस्सा है और उनकी ओर से प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बसपा द्वारा आज जालंधर शहर में प्रदर्शन किया गया और 10 जुलाई को प्रदेश भर में इसके खिलाफ राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिए जाएंगे। बसपा नेताओं ने बताया कि के आर्मस्ट्रांग की अंतिम यात्रा में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन कुमारी मायावती भी शामिल हुई थीं और उन्होंने इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की थी। इस मौके पर उक्त बसपा नेताओं ने यह भी कहा कि पंजाब में भी कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत खराब है और यहां कोई भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में पिछली कांग्रेस और मौजूदा आप सरकार तथा इनके द्वारा चलाए जा रहे पुलिस प्रशासन द्वारा बसपा नेताओं की सुरक्षा में लापरवाही और भेदभाव वाला रवैया अपनाया जाता है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इसके अलावा बसपा नेताओं को भी टारगेट किया जाता है और उनके खिलाफ झूठे केस व हिंसा की जाती है। इसलिए आप सरकार की इस मानसिकता के खिलाफ भी प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान बसपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बलदेव सिंह मेहरा व प्रदेश महासचिव एडवोकेट बलविंदर कुमार ने कहा कि इस घटना के खिलाफ देशभर में बसपा वर्कर एकजुट हैं और पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में लगातार दलितों व धार्मिक अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इस मौके पर बसपा नेता गुरनाम चौधरी, डॉ. मक्खन सिंह, एडवोकेट रणजीत कुमार, गुरबख्श सिंह चौहान, बसपा के जालंधर वेस्ट के उम्मीदवार बिंदर कुमार लाखा, अमरजीत झलूर, प्रवीण बंगा, ठेकेदार राजिंदर सिंह, तीर्थ राजपुरा, जसवंत राय, जेपी भगत, गुरबख्श महे, तरसेम थापर, राकेश दातारपुरी, हरिंदर शीतल, दलजीत राय, सरबजीत सिंह जाफरपुर, बलविंदर बिट्टा, परमजीत मल्ल, जगदीश दीशा, जगदीश शेरपुरी, बलविंदर रल, सलविंदर कुमार, देवराज सुमन, पार्षद मदन मद्दी, अमरजीत सिंह नंगल, प्रभजिंदर सिंह पत्तड़, खुशी राम सरपंच, दविंदर गोगा, अशोक गोखा आदि भी मौजूद थे।

Previous articleਬਸਪਾ ਨੇ ਕੀਤਾ ਵਿਸ਼ਾਲ ਪੈਦਲ ਰੋਸ਼ ਮਾਰਚ, ਬਸਪਾ ਆਗੂ ਦੇ ਕਤਲ ਦੇ ਰੋਸ ਵਜੋਂ ਤਮਿਲਨਾਡੂ ਸਰਕਾਰ ਦਾ ਪੁਤਲਾ ਫੂਕਿਆ
Next articleਹਾੜ੍ਹ ਮਹੀਨੇ ਵਿੱਚ ਸਾਵਣ ਕਵੀ ਦਰਬਾਰ