HOME उत्तर प्रदेश में खाद की कमी से किसान बेहाल- एआईपीएफ

उत्तर प्रदेश में खाद की कमी से किसान बेहाल- एआईपीएफ

7

सरकार का खाद की कोई भी कमी न होने का दावा झूठ  

लखनऊ:  (समाज वीकली)   “उत्तर प्रदेश में खाद की कमी से किसान बेहाल’- यह बात आज एस आर दारा पुरी, राष्ट्रीय अध्यक्ष, आल इंडिया पीपुल्स फ्रन्ट द्वारा प्रेस को जारी बयान में कही गई है। इसमें आगे कहा गया है खाद की यह कमी जुलाई में धान की रोपाई से ले कर अब तक बनी हुई है। खाद की कमी न केवल साधन सहकारी समितियों में बल्कि खुले बाजार में भी है। किसान दिन भर सहकारी समितियों में लाइन लगा कर खड़े रहते हैं और शाम को खाली हाथ लौट रहे हैं। इससे तंग आ कर लखीमपुर खीरी के खमरिया में एक किसान ने सहकारी समिति के कार्यालय के सामने फांसी लगा कर आत्महत्या तक कर ली है। कई जगह लाइन में लगे भूखे प्यासे किसान बेहोश हो कर गिर रहे हैं। अयोध्या में खाद को लेकर पुलिस को किसानों पर लाठी चार्ज तक करना पड़ा है। खाद की कमी के कारण बाजार में कालाबाजारी हो रही है तथा नकली खाद बेची जा रही है। इसके विपरीत उत्तर प्रदेश के मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ का दावा है कि प्रदेश के किसी भी मण्डल में खाद की कोई भी कमी नहीं है क्योंकि इस साल पिछले साल से अधिक खाद उपलब्ध कराई गई है परंतु खाद की लगातार बनी हुई कमी इस दावे को झुठला रही है। सरकार खाद की कमी की सच्चाई को स्वीकार न करके इसका कारण जखीरेबाजी तथा नेपाल को खाद की तस्करी बता रही है। यदि यह सही है तो सरकार इसकी जांच कराकर  सच्चाई को सामने लाए। यह ज्ञातव्य है कि समय पर खाद न मिलने का असर धान की उपज पर पड़ना लाजमी है जोकि किसानों के लिए बहुत भारी पड़ सकता है।

अतः एआईपीएफ उत्तर प्रदेश सरकार से अनुरोध करता है कि वह खाद की कोई भी कमी न होने के झूठा दावा करने की बजाए किसानों को खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था करे।

एस आर दारापुरी,

राष्ट्रीय अध्यक्ष, आल इंडिया पीपुल्स फ्रन्ट

Previous articleSTEROIDS USE IN GYM CULTURE- A DANGEROUS SHORTCUT TO FITNESS
Next article130वें संविधान संशोधन विधेयक का उद्देश्य भारत को एक दलीय शासन की ओर धकेलना है।