14 अगस्त को मुड़ियार, निजामाबाद से शुरू होगी किसान-मज़दूर अधिकार पदयात्रा
सड़क, खेती किसानी, शिक्षा, मनरेगा और ग्राम सभा के अधिकारों जैसे प्रमुख मुद्दों पर निकाली जा रही है यात्रा
समाज वीकली यू के
13 अगस्त, 2025, निजामाबाद/आज़मगढ़- सोशलिस्ट किसान सभा, पूर्वांचल किसान यूनियन और एनएपीएम ने जनता के ज़रूरी मुद्दों पर 14 अगस्त 2025 से किसान-मज़दूर अधिकार यात्रा करने का ऐलान किया है। 14 अगस्त से शुरू हो रही इस यात्रा के पहले दिन निज़ामाबाद तहसील के मुड़ियार से मिर्ज़ापुर ब्लॉक तक पदयात्रा होगी और क्षेत्र की तमाम समस्याओं को लेकर विकास खण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस यात्रा में मैग्सेसे पुरस्कार सम्मानित और सोशलिस्ट पार्टी महासचिव डॉक्टर संदीप पाण्डेय, मनरेगा मज़दूर यूनियन के सुरेश राठौड़, राष्ट्रीय बांसशिल्पी महासंघ के अध्यक्ष संतोष कुमार धरकार और लोक समाधान से कन्हैया मौर्या भी शामिल होंगे।
सोशलिस्ट किसान सभा महासचिव राजीव यादव ने कहा कि निज़ामाबाद में सड़कों का बुरा हाल है और खासतौर पर इस क्षेत्र की अधिकांश सड़कें बुरी स्थिति में हैं। शिवली से निजामाबाद और लाहीडीह से माहुल तक की सड़क इतनी जर्ज़र है कि हर दिन आम नागरिक दुर्घटना के शिकार हो रहे हैँ। लाहीडीह, मुड़ियार जैसी बाज़ारों से गुज़रती सड़कों पर सीवर लाइन न होने के चलते जल जमाव से न सिर्फ राहगीरों का बल्कि स्थानीय लोगों का जीवन दूभर हो गया है। शिवली, रशीदगंज,अल्लीपुर, रानीपुर, बेगपुर, लाहीडीह, फुटहिया गोदाम, यादव बाजार, कौड़िया, मुंडियार की जनता का बुरा हाल है। निज़ामाबाद कस्बे के करीबी गांव त्रिमूहानी की सड़क इसका एक उदाहरण है कि उसके बने कई दशक हो गए कई जगह तो सड़क भी नदारद है। ऐसे ही कई गांव से निकलने वाले संपर्क मार्गों के निर्माण के बाद कोई भी मरम्मत का कार्य कभी भी नहीं किया गया।
पूर्वांचल किसान यूनियन महासचिव वीरेंद्र यादव ने कहा कि आज के पूँजीपतियों की गिद्ध दृष्टि किसानों की जमीनों पर है। यह लोग शिक्षा मंदिरों तक को नहीं छोड़ रहे हैँ। इसी क्रम में विन्देश्वरी इंटर कॉलेज की जमीन पर अम्बानी साहब की कुदृष्टि पड़ गई। पहले तो विद्यालय की 10 बीघा जमीन पूर्वांचल एक्सप्रेस वे में ले ली गई। एक भी पैसे का मुआवजा विद्यालय को नहीं मिला। अव बची 42 बीघा जमीन अम्बानी साहब देश के हुक्मरानों व भ्रष्ट नौकरशाहों की मदद से रिलायंस कम्पनी के बायो सीएनजी प्लांट के लिए विद्यालय की जमीन लूटना चाहते हैं। जहाँ पहले की सरकारों ने शिक्षण संस्थानों व लोकतान्त्रिक संस्थानों के निर्माण में योगदान दिया। वहीं आज की सरकार स्कूलों पर ताला बंदी व लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला कर रही है।
एनएपीएम के राज शेखर ने कहा कि देश की आज़ादी दिवस के सप्ताह में किसान-मज़दूर के हक और अधिकार पर संवाद करने के लिए यात्रा आयोजित की गई है। किसान-मज़दूर अधिकार यात्रा में मनरेगा में जारी अव्यवस्था और काम न मिलने के मुद्दे को भी ज्ञापन में शामिल किया जाएगा और ग्रामीणों के समर्थन से इसपर ज़रूरी कार्रवाई करने की मांग की जाएगी। किसान-मज़दूर अधिकार यात्रा में शिक्षा व्यवस्था, ग्राम सभा की हालत और ग्रामीण प्रशासन की हालत को भी उठाएंगे।
सोशलिस्ट किसान सभा निज़ामाबाद प्रभारी श्याम सुंदर मौर्या ने बताया कि 15 अगस्त 2025 को विन्देश्वरी इंटर कालेज तुलसी नगर खंडौरा आजमगढ में स्कूल बचाओ सम्मेलन, 16 अगस्त 2025 को शिवली से निजामाबाद तक पदयात्रा और 17 अगस्त 2025 को कबीर आश्रम, त्रिमूहानी और अयोध्या सिंह उपाध्याय हरिऔध की जन्मस्थली का दौरा करते हुए यात्रा का समापन किया जाएगा।



