HOME हरियाणा के आईपीएस अधिकारी पूरन कुमार द्वारा आत्महत्या दुर्भाग्यपूर्ण- आईपीएफ

हरियाणा के आईपीएस अधिकारी पूरन कुमार द्वारा आत्महत्या दुर्भाग्यपूर्ण- आईपीएफ

IPS officer Puran Kumar

पूरन कुमार द्वारा सुसाइड नोट में उच्च अधिकारियों पर प्रताड़ना के आरोपों की हो निष्पक्ष जांच

पुलिस को उत्तरदायी बनाने तथा राजनीतिक दबाव से मुक्त करने के लिए पुलिस सुधार लागू हों

लखनऊ  (समाज वीकली)  आल इंडिया पीपुल्स फ्रन्ट की राष्ट्रीय कार्यसमिति द्वारा प्रेस को जारी किए गए बयान में कहा गया है कि हरियाणा के आईपीएस अधिकारी पूरन कुमार द्वारा आत्महत्या दुर्भाग्यपूर्ण है। इसमें आगे कहा गया है कि पूरन कुमार द्वारा सुसाइड नोट में अपने उच्च अधिकारियों द्वारा जाति भेद के कारण लगातार प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं तथा उस द्वारा इस संबंध में उच्च अधिकारियों को भेजे गए प्रत्यावेदनों पर कोई भी जांच नहीं की गई जिसके फलस्वरूप मानसिक तनाव तथा हताशा की स्थिति ने उसे आत्महत्या करने के लिए मजबूर कर दिया। यह सर्वविदित है कि पुलिस विभाग में काफी कर्मचारी तथा अधिकारी जातिभेद तथा सांप्रदायिक भावनाओं से ग्रस्त रहते हैं। उनके यह पूर्वाग्रह न केवल जनता के साथ व्यवहार में बल्कि विभाग के अंदर भी विभिन्न जातियों, संप्रदायों के कर्मचारियों/ अधिकारियों तथा महिलाओं के प्रति व्यवहार तथा कार्यसंपादन में परिलक्षित होते हैं। इस तथ्य की पुष्टि विभिन्न अध्ययनों तथा निम्न जातियों के कर्मचारियों द्वारा अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति आयोग को प्रेषित शिकायतों से भी होती है। बहुत से मामलों में राजनीतिक तथा प्रभावशाली लोगों के दबाव में पुलिस द्वारा जातिगत एवं सांप्रदायिक भेदभाव किया जाता है। यह भी एक स्थापित तथ्य है कि यदि सरकार की नीति भी सांप्रदायिक एवं पक्षपातपूर्ण हो तो पुलिस का आचरण और भी पक्षपातपूर्ण हो जाता है जैसाकि आजकल भाजपा शासित राज्यों में स्पष्ट दिखाई देता है। अतः राज्य का जाति एवं संप्रदाय निरपेक्ष आचरण पुलिस के निष्पक्ष आचरण को सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है। इसके लिए पुलिस को राजनीतिक दबाव से मुक्त रखने तथा कार्य स्वतंत्रता देने के लिए पुलिस सुधारों को लागू करना जरूरी है।

अतः आल इंडिया पीपुल्स फ्रन्ट पूरन कुमार द्वारा सुसाइड नोट में उच्च अधिकारियों पर प्रताड़ना के लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने, उन्हें दंडित करने एवं राष्ट्रीय स्तर पर पुलिस सुधार लागू करके पुलिस को कार्य स्वतंत्रता देने तथा उसे गैर कानूनी कृत्यों के लिए उत्तरदायी ठहराने की व्यवस्था करने की मांग करता है।

आल इंडिया पीपुल्स फ्रन्ट की राष्ट्रीय कार्यसमिति की ओर से जारी

एस आर दारापुरी, राष्ट्रीय अध्यक्ष,आल इंडिया पीपुल्स फ्रन्ट

Previous articleਵਿਚਾਰਾ ਦਿਲ
Next articleSuicide by Haryana IPS officer Puran Kumar unfortunate – AIPF