एलपीयू में सजा ‘लघु भारत’ 25 संभागों की 1818 बेटियों ने भरी विजय की हुंकार

जालंधर/फगवाड़ा (समाज वीकली) लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) का विशाल परिसर बुधवार को देश की सांस्कृतिक विविधता, अनुशासन और खेल भावना का जीवंत संगम बन गया। अवसर था केन्द्रीय विद्यालय संगठन (केविएस) की 55वीं राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता (प्रथम चरण–बालिका वर्ग) के भव्य उद्घाटन समारोह का, जिसमें देशभर के 25 संभागों से आईं 
1818 प्रतिभाशाली बालिका खिलाड़ियों और लगभग 200 अनुरक्षकों ने उत्साह, ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए जीत का शंखनाद किया। रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजे खिलाड़ियों की उपस्थिति ने पूरे परिसर को सचमुच ‘लघु भारत’ का स्वरूप प्रदान कर दिया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुश्री चंदना मंडल, अपर आयुक्त (शैक्षिक), केविएस मुख्यालय, 
नई दिल्ली द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात विभिन्न संभागों के खिलाड़ियों ने अनुशासित और आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। खिलाड़ियों के कदमों की ताल और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण ने उपस्थित दर्शकों को रोमांचित कर दिया। पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से देर तक गूँजता रहा।उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पंजाब के प्रसिद्ध लोकनृत्य भंगड़ा ने सांस्कृतिक रंग बिखेर दिए। जीवंत प्रस्तुति ने देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों और अतिथियों का मन मोह लिया तथा खेल और संस्कृति के अद्भुत समन्वय का संदेश दिया। समारोह में डॉ. सौरभ लखनपाल, वरिष्ठ अधिष्ठाता, एलपीयू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मेजबान चंडीगढ़ संभाग के उपायुक्त श्री अनुराग भटनागर ने सभी अतिथियों का पौधा भेंट कर ‘हरित स्वागत’ किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना विकसित करने का सशक्त मंच हैं। कार्यक्रम में सहायक आयुक्त श्री जुगल किशोर और श्री पी.सी. तिवाड़ी सहित केविएस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी , स्थानीय विद्यालयों के प्राचार्यों एवं केन्द्रीय विद्यालय संगठन (केविएस) की ओर से नियुक्त ओर तकनीकी सदस्य और पर्यवेक्षक उपस्थित रहे | मुख्य अतिथि सुश्री चंदना मंडल ने प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा करते हुए खिलाड़ियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और चुनौतियों से जूझने की क्षमता विकसित करते हैं। हार कभी अंत नहीं होती, बल्कि सफलता की नई शुरुआत का मार्ग प्रशस्त करती है।” उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, ईमानदारी और अनुशासन के साथ श्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया | विशिष्ट अतिथि डॉ. सौरभ लखनपाल-वरिष्ठ अधिष्ठाता छात्र कल्याण विभाग लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की ओर से सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया | उन्होनें खिलाड़ियों को अनुशासन, अनदेखे नियमित अभ्यास और विपरीत परिस्थितियों से धैर्यपूर्वक उभरने के गुण विकसित करते हुए विशेष खिलाड़ी बनने की प्रेरणा दी | प्रतियोगिता के आगामी चरणों में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग की बालिकाएँ बैडमिंटन, कबड्डी, मुक्केबाजी, निशानेबाजी तथा खो-खो जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगी। देशभर से आई इन खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबलों की शुरुआत के साथ खेल प्रेमियों को उत्कृष्ट खेल देखने का अवसर मिलेगा। उद्घाटन समारोह का समापन जुगल किशोर सहायक आयुक्त के धन्यवाद ज्ञापन श्री एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे आयोजन में खेल भावना, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और सांस्कृतिक समरसता की अनुपम झलक देखने को मिली, जिसने प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों के लिए उत्साह और अपेक्षाओं को नई ऊँचाइयाँ प्रदान कीं।
प्राचार्य






