(समाज वीकली) एलपीयू कैंपस में गुरुवार को 55वीं केन्द्रीय विद्यालय संगठन राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता (बालिका वर्ग ) चौथे दिन के रोमांचक दौर में पहुँच चुकी है। पाँच दिन तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में देशभर की टीमों की भागीदारी देखी जा रही है। पूरा दिन खेल के मैदान उत्साही प्रतिभागियों से गुलजार रहे और शीर्ष सम्मान हासिल करने के लिए छात्र खिलाड़ियों द्वारा अपना सर्वश्रेष्ठ देने का जज्बा दिखाई दिया। विभिन्न खेलों खो-खो, कबड्डी, मुक्केबाज़ी, बैडमिंटन, और निशानेबाज़ी के लिए समानांतर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा
रहा है।
कबड्डी अंडर-14 क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में कोलकाता ने जयपुर को 44-37 से,चेन्नई ने जबलपुर को 44-37 से देहरादून ने लखनऊ 43-23 औरजम्मू ने मुम्बई को 51-19 से हराया। कबड्डी अंडर-17 क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में चेन्नई ने जम्मू को 38-12,देहरादून ने बेंगलुरु को 32-16, भुवनेश्वर ने कोलकाता को 46-36 और हैदराबाद ने दिल्ली को 44-42 से पराजित कर सेमीफाइनल में अपना स्थान बनाया |
बैडमिंटन अंडर -19 के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में एर्नाकुलम ने चंडीगढ़ को 2-0, जयपुर ने जबलपुर को 2-0
कोलकाता ने दिल्ली को 2-0 और मुम्बई ने चेन्नई को 2-0 से हराकर अपनी टीम को सेमीफाइनल में पहुँचाया |
खो-खो अंडर-14 क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में बेंगलुरु ने जयपुर को 07-05, कोलकाता ने एर्नाकुलम को 10 – 07,भोपाल ने हैदराबाद को 08 -04 और गुवाहाटी ने भुवनेश्वर को 15-14 से परास्त कर अपने लिए सेमीफाइनल का टिकट कटवाया ।अंडर-17 क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में हैदराबाद ने बेंगलुरु को 11-09,
लखनऊ ने कोलकाता को 07-04, जयपुर ने एर्नाकुलम को 14-13 और देहरादून ने भोपाल को 10-09 पराजित कर सेमीफाइनल में पहुँचे।
मुक्केबाजी के नॉकआउट मुकाबलों में दर्शकों को कई रोमांचक पल देखने को मिले, जिससे उत्साह और बढ़ गया। प्रतियोगिता के आयोजकों ने पहले चरण के मुकाबलों की सराहना की और आगामी दिनों में और भी रोचक मुकाबलों की उम्मीद जताई ।
प्रतियोगिता के आयोजकों श्री अनुराग भटनागर (उपायुक्त केन्द्रीय विद्यालय संगठन, चंडीगढ़ संभाग),श्री जुगल किशोर और श्री पी.सी.तिवाड़ी(सहायक आयुक्त केन्द्रीय विद्यालय संगठन,चंडीगढ़ संभाग)ने व्यक्तिगत रूप से कार्यक्रम स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं की निगरानी की और कार्यक्रम के सुचारू संचालन को सुनिश्चित किया।
15 जुलाई 2026 से आरंभ हुई केन्द्रीय विद्यालय संगठन की 55वीं राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता (बालिका वर्ग ) का समापन समारोह कल दिनांक 19 जुलाई 2026 को होगा | कार्यक्रम में एयर कोमोडोर ए. के. चौधरी( यूवाईएसएम,वीएम ) मुख्य अतिथि और डॉ. सौरभ लखनपाल वरिष्ठ अधिष्ठाता छात्र कल्याण विभाग लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी,जालंधर विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे I इस कार्यक्रम में इन पाँच दिनों तक चली प्रतियोगिताओं में अपना दमखम दिखा कर अपने संभाग को पदक दिलाने वाले खिलाड़ियों को मैडल और प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया जाएगा ।






