समाज वीकली यू के
जालंधर- दिनांक 27 मई 2026 को बोधिसत्व अंबेडकर पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल फूलपुर धनाल जालंधर में वरिष्ठ अम्बेडकरवादी, मिशनरी एवं समाजसेवी श्री भगत राम सांपला जी की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिनका निधन बीते दिन 11 मई 2026 को हुआ। विद्यालय परिवार द्वारा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक एवं मिशनरी योगदान को याद किया गया। इस मौके पर इंटरनेशनल बुद्धिस्ट मिशन ट्रस्ट के संस्थापक तथा चेयरमैन श्री सोहन लाल गिन्डा जी, सोसायटी मेंबर श्री हुसन लाल जी(धम्माचारी नागभूषण जी), स्कूल की आदरणीय प्रिंसिपल श्रीमती चंचल बौद्ध जी, समस्त अध्यापकगण तथा विद्यार्थी शामिल हुए।
इस मौके पर श्री सोहन लाल गिन्डा जी ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित सदस्यों को बताया गया कि श्री भगत राम सांपला जी का जन्म 4 दिसंबर 1937 को हुआ था,उन्होंने अपना जीवन बेहद सादगी, नम्रता तथा दृढ़ निश्चय के साथ जिया। युवावस्था में उन्हें बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर जी से मिलने का मौका मिला जिसने उनका पूरा जीवन बदल के रख दिया। तब से वह बाबा साहब के मिशन (सामाजिक न्याय और मानवीय गरिमा कायम करना ) से जुड़ गये और आगे बढ़ते गए। वे एक सच्चे आंबेडकरवादी, समर्पित मिशनरी एवं समाज जागरूकता के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए समर्पित कर दिया।
इस मौके पर श्री हुसन लाल जी (धम्माचारी नागभूषण जी)ने बताया कि श्री भगत राम सांपला जी ने समाज को शिक्षित एवं जागरूक बनाने के उद्देश्य से 80 से ज्यादा महत्वपूर्ण पुस्तकों की रचना की। विशेष बात यह रही कि उन्होंने अपनी पुस्तकों का स्वयं प्रकाशन करवाया तथा उन्हें निःशुल्क वितरित किया, ताकि अधिक से अधिक लोग बाबा साहेब के विचारों एवं उनके संघर्षों से परिचित हो सकें। उन्होंने गरीब लोगों के लिए चेरिटेबल अस्पताल भी बनाया और बौद्ध विहार भी स्थापित किया।
यह भी बताया गया कि वर्ष 1963 में वे इंग्लैंड गए, जहाँ उन्होंने बाबा साहेब के मिशन के साथ जुड़कर सामाजिक जागरूकता एवं आंबेडकरवादी आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने विदेश में रहकर भी भारतीय समाज के उत्थान एवं बहुजन समाज में शिक्षा और समानता के संदेश को फैलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती चंचल बौद्ध जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि श्री भगत राम सांपला जी का जीवन समाज सेवा, शिक्षा और मिशनरी कार्यों के प्रति समर्पण का अद्भुत उदाहरण है। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए।
अंत में सभी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
स्कूल से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी लेने के लिए संपर्क करें:
श्री हुसन लाल जी: 9988393442



