तीसरे दिन खो-खो, कबड्डी, मुक्केबाज़ी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल और निशानेबाज़ी में दिखा जोश, जुनून और जज़्बा; एलपीयू परिसर दिनभर खिलाड़ियों के उत्साह से रहा गुलज़ार
जालंधर, (समाज वीकली) लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू), फगवाड़ा में आयोजित केन्द्रीय विद्यालय संगठन (केविएस) की 55वीं राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के तीसरे दिन देशभर के विभिन्न संभागों से आई छात्राओं ने अपने शानदार प्रदर्शन से प्रतियोगिता को नई ऊँचाइयों पर पहुँचा दिया। खेल के मैदानों में पूरे दिन रोमांच, संघर्ष और उत्कृष्ट खेल भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रत्येक मुकाबले में खिलाड़ियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और जीत के जज़्बे के साथ अपने कौशल का ऐसा प्रदर्शन किया कि दर्शक देर तक तालियाँ बजाने को विवश हो गए। खो-खो में गति, फुर्ती और रणनीति का शानदार संगम , खो-खो प्रतियोगिता के मुकाबले तीसरे दिन विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। अंडर-14 बालिका वर्ग के मुकाबले में भुवनेश्वर ने लखनऊ को 06-05 के अंतर से हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। बेंगलुरु ने अहमदाबाद को 12- 03 ,जबलपुर ने लखनऊ को 08-06 शिकस्त दी। भोपाल, गुवाहाटी और गुरुग्राम ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। मुक्केबाज़ी में दिखा साहस और आत्मविश्वास | मुक्केबाजों ने अपने शानदार पंच, तकनीकी कौशल और संयमित प्रदर्शन के दम पर जीत दर्ज की। खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति ने प्रतियोगिता का स्तर और ऊँचा किया। बैडमिंटन में सटीक स्मैश और लंबी रैलियों ने बांधा समां , बैडमिंटन अंडर-19 बालिका वर्ग के मुकाबलों में दिल्ली, जबलपुरऔर मुम्बई संभाग के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने संभाग को जीत दिलवाई । अंडर-14 वर्ग में बेंगलुरु,भोपाल सिलचर,भुवनेश्वर,आगरा,रायपुर और दिल्ली ने संभाग की टीमों ने अपनी तेज़ रैलियों, सटीक स्मैश और फुर्तीले मूवमेंट ने दर्शकों को पूरे समय रोमांचित रखा। कबड्डी में दमखम का जोरदार प्रदर्शन, कबड्डी अंडर-14 बालिका वर्ग में एर्नाकुलम,आगरा,कोलकाता, चेन्नई,देहरादून,रांची,जयपुर बेंगलुरु, भुवनेश्वर ,जम्मू गुवाहाटी जबलपुर, लखनऊऔर पटना की टीमों ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पराजित किया। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में चेन्नई,जबलपुर,भुवनेश्वर गुवाहाटी,जयपुर अहमदाबाद,देहरादून मुम्बई, दिल्ली , जम्मू ,कोलकाता,लखनऊ,बेंगलुरु,चंडीगढ़ और हैदराबाद की टीमों ने ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में जगह बनाई। निशानेबाज़ी में एकाग्रता ने दिलाई सफलता , निशानेबाज़ी प्रतियोगिता में बालिका वर्ग की प्रतिभागियों ने मानसिक संतुलन, धैर्य और तकनीकी दक्षता का परिचय दिया। लक्ष्य पर सटीक निशाने लगाते हुए खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता को अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक बना दिया। दर्शकों ने प्रत्येक उत्कृष्ट प्रदर्शन का तालियों से स्वागत किया। प्रतियोगिता के आयोजकों श्री अनुराग भटनागर (उपायुक्त केन्द्रीय विद्यालय संगठन, चंडीगढ़ संभाग),श्री जुगल किशोर और श्री पी.सी.तिवाड़ी(सहायक आयुक्त केन्द्रीय विद्यालय संगठन,चंडीगढ़ संभाग)ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, स्वयंसेवकों और दर्शकों के अनुकरणीय सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि आगामी दो दिनों में विभिन्न खेलों के निर्णायक मुकाबले प्रतियोगिता को और अधिक रोमांचक बनाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन केन्द्रीय विद्यालय संगठन की खेल परंपरा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के साथ-साथ देश को भविष्य के उत्कृष्ट खिलाड़ी भी प्रदान करेगा।
प्राचार्य






